लाखों कारीगरों और उनके परिवारों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना आशा की किरण बनकर आ रही है: नरेन्द्र मोदी
पीएम नरेन्द्र मोदी ने रविवार,17 सितंबर को द्वारका में स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (IICC) के पहले चरण का लोकार्पण किया। यशोभूमि को तकरीबन 5,400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस केंद्र में विश्व-स्तरीय बैठक, सम्मेलन और प्रदर्शनियों की मेजबानी की जा सकती है। यह दुनिया के सबसे बड़े सम्मेलन और प्रदर्शनी सुविधा स्थलों में से एक है। पीएम ने कल अपने जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के लिए ‘पीएम विश्वकर्मा योजना‘ भी शुरू की। पीएम मोदी ने कहा कि लाखों कारीगरों और उनके परिवारों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना आशा की किरण बनकर आ रही है। इसके अलावा पीएम विश्वकर्मा लोगो, टैगलाइन और पोर्टल लॉन्च किया। उन्होंने इस अवसर पर एक कस्टमाइज्ड स्टाम्प शीट, एक टूल किट, ई–बुकलेट और वीडियो भी जारी किया हैं । साथ ही पीएम ने 18 लाभार्थियों को विश्वकर्मा प्रमाण पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री ने आयोजन स्थल पर पहुंचने के बाद, प्रदर्शनी 'गुरु-शिष्य परंपरा' और 'नई प्रौद्योगिकी' का अवलोकन किया। उन्होंने यशोभूमि के 3डी मॉडल का भी निरीक्षण किया। इससे पूर्व, पीएम मोदी ने द्वारका सेक्टर-21 से एक नए मेट्रो स्टेशन 'यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25' तक दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन किया।
उपस्थित जनसमूह को किया संबोधित
पीएम मोदी ने इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को समर्पित है। उन्होंने देश भर के लाखों विश्वकर्मा से जुड़ने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का दौरा करने और कारीगरों और शिल्पकारों के साथ बातचीत करने के शानदार अनुभव पर भी प्रकाश डाला। पीएम ने नागरिकों से इस अवसर पर आने का भी आग्रह किया। पीएम मोदी ने कहा कि लाखों कारीगरों और उनके परिवारों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना आशा की किरण बनकर आ रही है।
देश के रोजमर्रा के जीवन में विश्वकर्मा के योगदान और महत्व को रेखांकित किया
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के रोजमर्रा के जीवन में विश्वकर्मा के योगदान और महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा हमेशा समाज में महत्वपूर्ण बने रहेंगे, चाहे प्रौद्योगिकी में कितनी भी प्रगति क्यों न हुई हो। यह समय की मांग है कि विश्वकर्मा को मान्यता और सहायता मिले।
पीएम मोदी ने कहा, “सरकार विश्वकर्मा समुदाय के लोगों के सम्मान को बढ़ाने, क्षमताओं को बढ़ाने और उनकी समृद्धि बढ़ाने के लिए एक भागीदार के रूप में आगे आई है।” कारीगरों और शिल्पकारों के 18 फोकस क्षेत्रों पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना में बढ़ई, लोहार, सुनार, मूर्तिकार, कुम्हार, मोची, दर्जी, राजमिस्त्री, हेयरड्रेसर, धोबी आदि को शामिल किया गया है और इस पर 13,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
प्रशिक्षण के दौरान विश्वकर्मा मित्रों को मिलेंगे 500 रुपये प्रतिदिन
प्रधानमंत्री ने कहा, "इस बदलते समय में, विश्वकर्मा मित्रों के लिए प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी और उपकरण महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विश्वकर्मा मित्रों को 500 रुपये प्रतिदिन भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक टूलकिट के लिए 15 हजार रुपये का टूलकिट वाउचर भी दिया जाएगा और सरकार उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि टूलकिट केवल जीएसटी पंजीकृत दुकानों से ही खरीदे जाएं और ये उपकरण मेड इन इंडिया होने चाहिए।
प्रधानमंत्री ने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार की एक उत्पाद योजना और पीएम स्वनिधि योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने जी-20 शिल्प बाजार में प्रौद्योगिकी और परंपरा के संगम का परिणाम देखा है। पीएम ने आगे कहा कि भारत मंडपम और यशोभूमि केंद्र अब दिल्ली को सम्मेलन पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बनाने जा रहे हैं। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। पीएम मोदी ने नागरिकों से आगे बढ़ते रहने, नए लक्ष्य बनाने, उनके लिए प्रयास करने और 2047 तक भारत को एक विकसित देश में बदलने का आग्रह किया है ।
संसद का ऐतिहासिक विशेष सत्र आज से शुरू, 5 दिन-8 बिल और नए संसद भवन में स्थानांतरण
सरकार द्वारा 'अमृत काल' के दौरान बुलाया गया संसद का विशेष सत्र आज 18 सितंबर 2023 से शुरू होने जा रहा है। यह विशेष सत्र पांच दिन तक चलेगा। इस सत्र के दौरान संसदीय कार्यवाही आज सामान्य रूप से पुराने भवन में होगी। इसके पश्चात कल 19 सितंबर 2023 से नए संसद भवन में प्रवेश कर लिया जाएगा जबकि 20 सितंबर 2023 से नए संसद भवन में की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी।
सभी राजनीतिक दलों ने विशेष सत्र के लिए व्हिप किया जारी
संसद में उपस्थिति वाले सभी राजनीतिक दलों ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर विशेष सत्र के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं सरकार ने कुछ विधेयकों को सूचीबद्ध किया है और विशेष सत्र के लिए भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने को अपने एजेंडे के रूप में चिह्नित किया है।
विशेष सत्र के एजेंडे में क्या है ?
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सत्र के दौरान कुल आठ विधेयकों को विचार और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है। रविवार को एक सर्वदलीय बैठक में, सदन के नेताओं को सूचित किया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर एक विधेयक और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आदेश से संबंधित तीन विधेयकों को एजेंडे में जोड़ा गया है।
इस विशेष सत्र का बड़ा महत्व
संसद के इस विशेष सत्र का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इस सत्र का आगाज सितंबर को संसद की पुरानी इमारत में कार्यवाही से शुरू होगा। जबकि 20 सितंबर से संसद भवन की नई इमारत में कार्यवाही शुरू हो जाएगी। संसद के इस विशेष सत्र में 18 सितंबर को दोनों सदनों में ससंद के 75 साल के सफर पर चर्चा की जाएगी, जिसके तहत संविधान सभा से लेकर संसद की उपलब्धियों, अनुभवों और यादों की चर्चा की जाएगी। केंद्र सरकार भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत काल मना रही है। आजादी के 50 वर्ष पूरे होने पर भी 15 अगस्त 1997 को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था।
कल सदन के नेताओं की हुई सर्वदलीय बैठक
याद हो, पीएम नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष 28 मई 2023 को नए संसद भवन का उद्घाटन किया था। विशेष सत्र से पहले सरकार ने कल सदन के नेताओं की सर्वदलीय बैठक बुलाई। लोकसभा में सदन के उपनेता, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया।
कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी, नेशनल कांफ्रेंस के फारुख अब्दुल्ला, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ. ब्रायन, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और राष्ट्रीय जनता दल के मनोज कुमार झा सहित विपक्षी दलों के अनेक नेता बैठक में उपस्थित थे। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया को बताया कि बैठक में 34 दलों के नेता शामिल हुए और सरकार ने सुचारू सत्र के लिए सभी दलों का सहयोग मांगा।
अनेक विपक्षी दलों ने सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक पारित किए जाने की जोरदार वकालत की। यह विधेयक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित करने का प्रावधान करता है। बैठक में नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हाल की मुठभेड़ में शहीद होने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नये संसद भवन के गज द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी इस अवसर पर मौजूद थे।
नए संसद भवन के लिए यह पहला सत्र
उल्लेखनीय है कि नए संसद भवन के लिए यह पहला सत्र होगा। केवल इतना ही नहीं इस सत्र की विशेष तैयारियों में विभिन्न विभागों के संसदीय कर्मचारियों के लिए नए ड्रेस कोड की भी घोषणा की गई है। गौरतलब हो, ब्रिटिश आर्किटेक्ट सर एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर द्वारा डिजाइन किया गया, मौजूदा ऐतिहासिक संसद भवन परिसर 96 वर्षों से अधिक समय से खड़ा है और यह भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का दर्शाता है। वहीं संसद की नई इमारत को वास्तुकार बिमल पटेल के नेतृत्व में अहमदाबाद स्थित एचसीपी डिजाइन, योजना और प्रबंधन द्वारा तैयार किया गया है।
संसद के विशेष संत्र को पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक, कहा- सत्र छोटा लेकिन समय के हिसाब से बहुत बड़ा
18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष संत्र चलेगा। इस बीच संसद के विशेष सत्र की शुरुआत से पहले कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णयों का सत्र है।
सत्र छोटा लेकिन समय के हिसाब से बहुत बड़ा
विशेष सत्र की शुरुआत से पहले संसद भवन के बाहर पीएम मोदी ने मीडिया से कहा, "इस समय हम सभी सारे देश में उमंग का माहौल और एक नया आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं। उसी समय संसद का ये सत्र हो रहा है। ये सत्र छोटा है, लेकिन समय के हिसाब ये बहुत बड़ा है। ऐतिहासिक निर्णयों के ये सत्र है। इस सत्र की विशेषता ये है कि 75 साल की यात्रा अब नए मुकाम से शुरू हो रही है।"
सासंदो से अधिक समय देने का आग्रह
प्रधानमंत्री ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वह इस छोटे से संसद सत्र को अधिक से अधिक समय दें। उन्होंने कहा कि "मैं सभी सांसदों से अनुरोध करता हूं कि इस छोटे से सत्र के दौरान हमें अपना अधिक से अधिक समय मिले। बाद में रोने के लिए बहुत समय होता है, कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो हमें खुशी और विश्वास से भर देते हैं, मैं इस सत्र को उसी रूप में देख रहा हूं।"
चंद्रयान-3 का सफलता का किया जिक्र
पीएम मोदी ने भारत के चंद्रमा मिशन और G20 बैठक की सफलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चंद्रमा मिशन की सफलता, चंद्रयान-3 हमारा तिरंगा फहरा रहा है। शिव शक्ति पॉइंट (चंद्रयान -3 की लैंडिंग साइट) प्रेरणा का एक नया केंद्र बन गया है, हमें गर्व से भर रहा है। पूरे विश्व में इस प्रकार की उपलब्धि को आधुनिकता, विज्ञान और टेक्नोलॉजी से जोड़कर देखा जाता है और जब ये सामर्थ्य विश्व के सामने आता है, तो अनेक संभावना, अनेक अवसर हमारे दरवाजे पर आकर खड़े हो जाते हैं।
G20 बन गया त्योहार
प्रधानमंत्री ने G20 के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि G20 की अभूतपूर्व सफलता, 60 से अधिक स्थानों पर विश्व भर के नेताओं का स्वागत, मंथन और ट्रू स्पिरिट में संघीय ढांचे का एक जीवंत अनुभव भारत की विविधता, भारत की विशेषता के साथ G20 अपने आप में एक त्योहार बन गया।
G20 में भारत हमेशा इस बात के लिए गर्व करेगा कि हम ग्लोबल साउथ की आवाज बनें। अफ्रीकन यूनियन को स्थायी सदस्यता और सर्वसम्मति से जी 20 का डिक्लेरेशन, ये सारी बातें भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत दे रही हैं।
‘प्रलय’ बैलिस्टिक मिसाइलों की खरीद को मंजूरी, रॉकेट फोर्स बनाने की दिशा में काम कर रहा भारत
भारतीय सेना के लिए रक्षा मंत्रालय ने ‘प्रलय’ बैलिस्टिक मिसाइलों की एक रेजिमेंट की खरीद को मंजूरी दे दी है। इन मिसाइलों की सीमाओं पर तैनाती करने के लिए इसे भारतीय सेना के बड़े निर्णय के रूप में भी देखा जा रहा है।
मिसाइल की ताकत और क्षमता
प्रलय बैलिस्टिक मिसाइल की ताकत और क्षमता को लेकर बात करें तो यह 150-500 किलोमीटर के बीच लक्ष्य को भेद सकती है। इस मिसाइल की इस खूबी के चलते रक्षा मंत्रालय ने अपनी मारक क्षमता को बढ़ावा देते हुए वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) और नियंत्रण रेखा (LOC) पर तैनाती के लिए इसकी खरीद को मंजूरी दी है।
सेना इन मिसाइलों को पारंपरिक हथियारों के साथ तैनात करके सामरिक भूमिकाओं में उनका उपयोग करेगी। इन मिसाइलों को खरीदने का निर्णय भारतीय वायु सेना के लिए 15 सितम्बर को कम दूरी की हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइल ‘ध्रुवास्त्र’ खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के तुरंत बाद लिया गया है।
इस मिसाइल में हवा में एक निश्चित दूरी तय करने के बाद अपना रास्ता बदलने की क्षमता है। ‘प्रलय’ एक ठोस प्रणोदक रॉकेट मोटर और अन्य नई प्रौद्योगिकियों से संचालित है। मिसाइल मार्गदर्शन प्रणाली में अत्याधुनिक नेविगेशन और एकीकृत एवियोनिक्स शामिल हैं।
मोबाइल लॉन्चर से दागी जा सकेगी ‘प्रलय’
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन इन मिसाइल को और विकसित कर रहा है। अगर सेना चाहे तो इसकी मारक सीमा को काफी बढ़ाया जा सकता है। दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने थल सेनाध्यक्ष के रूप में 2015 के आसपास इस मिसाइल प्रणाली के विकास को बढ़ावा दिया था।
इंटरसेप्टर मिसाइलों से करेगी मुकाबला
‘प्रलय’ सतह से सतह पर मार करने वाली एक अर्ध-बैलिस्टिक मिसाइल है। इस उन्नत मिसाइल को इंटरसेप्टर मिसाइलों से मुकाबला करने के लिए विकसित किया गया है। सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल 500-1000 किलोग्राम का भार वहन करने में सक्षम है। इसे मोबाइल लॉन्चर से भी लॉन्च किया जा सकता है।
इस मिसाइल को पहले भारतीय वायु सेना में शामिल किया जाएगा। इसके बाद इसे भारतीय सेना में भी शामिल किए जाने की संभावना है। इस तरह की मिसाइल प्रणाली का इस्तेमाल लंबी दूरी की दुश्मन वायु रक्षा प्रणालियों और अन्य उच्च-मूल्य वाले मिसाइलों को नष्ट करने के लिए किया जा सकता है। इन मिसाइलों को सशस्त्र बलों में शामिल करने के प्रस्ताव को ऐसे समय में मंजूरी दी गई है, जब रक्षा बल रॉकेट फोर्स बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जो लंबी दूरी से दुश्मन के ठिकानों को मार गिरा सके।
भारत में प्रोजेक्ट चीता के सफल कार्यान्वयन का 1 वर्ष: 6 महीने के शावक की गूंज रही किलकारियां
भारत ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उस वक्त एक इतिहास बनाया, जब 17 सितंबर, 2022 को धरती पर सबसे तेजी से दौड़ने वाला जानवर विलुप्त होने के लगभग 75 वर्षों के बाद आखिरकार भारत लौट आया। याद कीजिए जब मध्य प्रदेश के श्योपुर में पिछले वर्ष अपने जन्मदिन के मौके पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क से भारत के महत्वाकांक्षी 'प्रोजेक्ट चीता' का शुभारंभ किया था। कल 17 सितंबर के दिन 2023 में इसने एक साल पूरा कर लिया है। भारत में प्रोजेक्ट चीता के सफल कार्यान्वयन के एक वर्ष के उपलक्ष्य में, 17 सिंतबर, 2023 को सेसईपुरा वन परिसर, कूनो राष्ट्रीय उद्यान, मध्य प्रदेश में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पर्यावरण और वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी), एनटीसीए और मध्य प्रदेश वन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
इस साल फरवरी, 2023 में दक्षिण अफ्रीका के बारह चीतों को भी स्थानांतरित किया गया और उन्हें कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया है। यह चीता प्राकृतिक धरोहरो को बहाल करने में भारत की एक बड़ी उपलब्धि का प्रतिनिधित्व करते है । 'प्रोजेक्ट चीता' परियोजना को नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और भारत से संबंधित सरकारी अधिकारियों, वैज्ञानिकों, वन्यजीव जीवविज्ञानी और पशु चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम की सावधानीपूर्वक देखरेख में लागू किया गया था।
नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से भारत में चीता स्थानांतरण की बड़ी चुनौती
आम तौर पर अंतरमहाद्वीपीय लंबी दूरी के लिए चीतों के स्थानांतरण में मृत्यु का अंतर्निहित जोखिम होता है।इस कार्यक्रम में अंतर-महाद्वीपीय, जंगल से जंगल तथा नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से भारत में चीता स्थानांतरण की बड़ी चुनौती थी, जो अतीत में की गई पारिस्थितिक रूप से भूल को सुधारने का दुनिया में पहला प्रयास है। नामीबिया से 8 चीतों और दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को बिना किसी मृत्यु दर के सफलतापूर्वक कूनो राष्ट्रीय उद्यान में स्थानांतरित किया गया।
अधिकांश चीते भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल अपने को ढ़ाल रहे हैं
एक मादा चीता ने 75 साल बाद भारत की धरती पर शावकों को जन्म दिया है। एक जीवित शावक अब 6 महीने का है और सामान्य रूप से बढ़ा हो रहा है। अब तक किसी चीता की मौत अवैध शिकार, जाल में फंसने, दुर्घटना, जहर और आपसी संघर्ष जैसे अप्राकृतिक कारणों से नहीं हुई है। अधिकांश चीते भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल अपने को ढ़ाल रहे हैं और सामान्य गुणों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इसमें शिकार और इलाके की खोज करना, मारे गए शिकार को तेंदुए और लकड़बग्घे जैसे अन्य मांसाहारियों से बचाना/पीछा करना, अपना क्षेत्र स्थापित करना, भीतरी झगड़े, मेंटिंग और मनुष्यों के साथ कोई नकारात्मक संपर्क ना रखना आदि सम्मिलित हैं।
प्रोजेक्ट चीता ने आजीविका के विकल्प प्रदान किए
प्रोजेक्ट चीता ने स्थानीय समुदाय को संगठित किया है और उन्हें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार द्वारा आजीविका के विकल्प प्रदान किए हैं। इस परियोजना को स्थानीय समुदाय का जबरदस्त समर्थन मिला है। चीतों के लिए अन्य वैकल्पिक स्थल गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य और नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य में भी तैयार किए जा रहे हैं। गांधी सागर डब्ल्यूएलएस में संगरोध और अनुकूलन बाड़े निर्माणाधीन हैं और वर्ष के अंत तक साइट तैयार होने की उम्मीद है। साइट के मूल्यांकन के बाद, चीता के अगले बैच को गांधी सागर डब्ल्यूएलएस में लाने की योजना बनाई जाएगी। चीता सेंटर, चीता रिसर्च सेंटर, इंटरप्रिटेशन सेंटर, चीता मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेंटर और चीता सफारी के संरक्षण प्रजनन की योजना बनाई जा रही है। एक दीर्घकालिक परियोजना होने के नाते, दक्षिण अफ्रीका/नामीबिया/अन्य अफ्रीकी देशों से 12-14 चीतों को अगले 5 वर्षों तक प्रतिवर्ष और उसके बाद आवश्यकता के आधार पर लाया जाएगा।
प्रोजेक्ट चीता की सफलता दुनिया भर में पहलों को पुनर्जीवित करने की संभावनाओं को खोल देगी
यह एक चुनौतीपूर्ण परियोजना है और शुरुआती संकेत उत्साहजनक हैं। चीतों के पुन: आने से देश के सूखे घास के मैदानों के संरक्षण पर आवश्यक ध्यान केंद्रित होगा और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस परियोजना की सफलता दुनिया भर में पहलों को पुनर्जीवित करने की संभावनाओं को खोल देगी। यह एक अद्वितीय प्रयास के रूप में खड़ा है, जो अंतरमहाद्वीपीय प्रयासों के माध्यम से एक विलुप्त हुए प्रजाति को फिर से प्रस्तुत करने के लिए कुछ परियोजनाओं में से एक है।
ट्रांसजेंडरों के लिए विशेष ओपीडी RML अस्पताल में
पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में रविवार, 17 सितंबर को ट्रांसजेंडरों के लिए भारत की पहली समर्पित ओपीडी का शुभारंभ किया गया। ट्रांसजेंडरों के इस क्लिनिक का उद्घाटन RML अस्पताल के निदेशक डॉ. अजय शुक्ला ने किया। इस ओपीडी में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त इलाज, जांच और लिंग परिवर्तन सर्जरी के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ओपीडी में मिलने वाली सुविधाएं
ट्रांसजेंडरों के लिए समर्पित ओपीडी उनकी परेशानियों को देखते हुए ट्रांसजेंडरों के लिए भारत की पहली समर्पित ओपीडी में, उन्हें विशेष ओपीडी क्लिनिक में मुफ्त इलाज, जांच और लिंग परिवर्तन सर्जरी, ट्रांसजेंडरों के लिए स्पेशियलिटी ओपीडी क्लिनिक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 2 से 4 बजे तक होगा, सुचारू प्रक्रिया की सुविधा प्रदान करने के लिए इन क्लीनिकों के लिए अलग ओपीडी पंजीकरण काउंटर, क्लिनिको-मनोवैज्ञानिक आकलन के साथ एंडोक्रिनोलॉजी सुविधा, विभिन्न संबंधित सर्जरियों के लिए प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा, संबंधित मुद्दों के लिए त्वचा विज्ञान सुविधा, विभिन्न रोगों के लिए मेडिसिन (चिकित्सक) की सुविधा, विभिन्न संबंधित समस्याओं के लिए मूत्रविज्ञान सुविधा, संबंधित मुद्दों के लिए बाल चिकित्सा सुविधा और अन्य सभी संबंधित रक्त जांच के अलावा अलग शौचालय की सुविधा (लिंग तटस्थ/ट्रांसजेंडर के लिए शौचालय) इत्यादि सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
ट्रांसजेंडर समुदाय ने इस कदम की सराहना की
सरकार ने यह पहल ट्रांसजेंडर समुदाय की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों को समझ कर की, जो की इस समुदाय मुख्य रूप से कष्ट और भेदभाव के डर और सामाजिक उदासीनता के कारण होती है। ट्रांसजेंडरों के लिए इस क्लिनिक की ट्रांसजेंडर समुदाय ने सराहना की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने बाद में समुदाय के लिए विशेष ओपीडी के उद्घाटन पर अपनी खुशी व्यक्त करने के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, समान और समावेशी बनाना। भारत की पहली "ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष ओपीडी" अटल बिहारी वाजपेई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, दिल्ली में शुरू हुई।"
28 वर्षीय ‘मिलेट क्वीन’ को 'पादप जीनोम संरक्षक किसान सम्मान', पीएम मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
लहरी बाई यानि मिलेट क्वीन…इन्हें हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल में लहरी बाई को श्री अन्न प्रजातियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए वर्ष 2021-22 का 'पादप जीनोम संरक्षक किसान सम्मान' प्रदान किया। लहरी बाई को कृषक अधिकार वैश्विक संगोष्ठी के अलंकरण समारोह में सम्मान स्वरूप 1,50,000 रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
कौन है मिलेट क्वीन
सबसे पहले लहरी बाई से पूरा देश एक साथ तब रुबरु हुआ जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने एक ट्वीट के जरिए उनके कार्य का उल्लेख किया। दरअसल, आज लहरी बाई को मिलेट क्वीन के नाम से सब जानने लगे हैं। यूनेस्को द्वारा 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया गया है तब लहरी बाई होने का महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। लहरी बाई ने विलुप्त हो रही प्रजातियों के बीजों का बैंक तैयार कर फसलों को फिर से जीवित कर दिया है।
28 वर्षीय लहरी बाई का मिलेट्स बैंक
मध्यप्रदेश के जनजातीय बहुल जिले डिंडोरी से करीब 60 किलोमीटर दूर बजाग विकासखंड के सिलपीड़ी गांव में रहने वाली 28 वर्षीय लहरी बाई करीब एक दशक से मिलेट्स बैंक चला रही हैं। अपने छोटे से कच्चे घर के एक कमरे में उन्होंने विलुप्त प्रजातियों के बीजों का बैंक तैयार किया है। इनमें कई अनाज ऐसे हैं, जिन्हें जानने पहचानने वाले लोग भी नहीं बचे हैं।
बीज बैंक में 150 से ज्यादा बीज
लहरी बाई पारंपरिक मिट्टी से बने तीन कमरों के घर में रहती हैं। एक कमरे में उनका परिवार रहता है। दूसरे में घर का अन्य सामान और तीसरे में सामुदायिक बीज बैंक है। इसमें 150 से ज्यादा प्रकार के बीज हैं। लंबे समय तक बीजों की सुरक्षा करने के लिए लहरी बाई ने बड़ी-बड़ी मिट्टी की कोठी भी बनाई है।
उनके बीज बैंक में कांग की चार प्रजातियां- भुरसा कांग, सफेद कलकी कांग, लाल कलकी कांग और करिया कलकी कांग, सलहार की तीन प्रजातियां- बैगा सलहार, काटा सलहार और ऐंठी सलहार, कोदो की चार प्रजातियां- बड़े कोदो, लदरी कोदो, बहेरी कोदो और छोटी कोदो, मढिया की चार प्रजाति- चावर मढिया, लाल मढिया, गोद पारी मढिया और मरामुठ मढिया, साभा की तीन प्रजाति- भालू सांभा, कुशवा सांभा और छिदरी सांभा, कुटकी की आठ प्रजातियां- बड़े डोंगर कुटकी, सफेद डोंगर कुटकी, लाल डोंगर कुटकी, चार कुटकी, बिरनी कुटकी, सिताही कुटकी, नान बाई कुटकी, नागदावन कुटकी, छोटाही कुटकी, भदेली कुटकी और सिकिया बीज उपलब्ध है। इसके अलावा दलहनी फसल - बिदरी रवास, झुंझुरु, सुतरू, हिरवा और बैगा राहड़ के बीज भी लहरी बाई के पास मौजूद हैं।
विलुप्त हो रहे बीजों को हर फसल को मिल रहा नया जीवन
लहरी बाई आस पास के गांवों के किसानों को ये बीज देती हैं और फसल आने पर वापस ले लेती हैं। इस प्रकार विलुप्त हो रहे बीजों को हर फसल पर नया जीवन मिल जाता है। लहरी बाई के इस प्रयास से दुर्लभ बीजों की रक्षा हो रही है। अब तक 300 से ज्यादा किसानों को अपने बीज बैंक से बीज देकर उन्हें भी बीजों को बचाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। लहरी गांव-गांव जाकर बीज बांटती हैं और फसल आने पर बीज की मात्रा के बराबर वापस ले लेती हैं।
गौरतलब हो कि 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के तौर पर मनाया जा रहा है।। मध्यप्रदेश में मिलेट आधारित खाद्य पदार्थों और खाद्य प्रसंस्करण की अपार संभावनाएं हैं। डिंडोरी जिला मिलेट से समृद्ध जिला है। लहरी बाई डिण्डोरी जिले की ब्रांड एंबेसडर हैं।
आज ही के दिन हुआ था उरी में आतंकी हमला, भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक से लिया था बदला
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में वर्ष 2016 में आज ही के दिन एलओसी के करीब स्थित भारतीय सेना के ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर आतंकवादी हमला हुआ था। पाकिस्तान प्रायोजित इस आतंकी हमले में कई जवान शहीद हो गए थे। वहीं सैन्य बलों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर सभी चार आतंकी मार गिराए गए थे।
भारतीय सेना के उरी ब्रिगेड हेडक्वार्टर को बनाया था निशाना
18 सितंबर 2016 में सुबह करीब साढ़े 5 बजे भारतीय सेना के ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया। आतंकियों ने एक के बाद एक करीब तीन मिनट के भीतर 17 हैंड ग्रेनेड फेंके। जम्मू-कश्मीर स्थित उरी ब्रिगेड हेडक्वार्टर हथगोलों के धमाकों से गूंज उठा था। हथगोलों के हमले से फौजियों के टेंटों में आग लग गई और उसमें सो रहे जवान बुरी तरह झुलस गए। इस पर सेना के जवानों ने तुरंत जवाबी हमला किया और मुठभेड़ में चारों आतंकियों को मार गिराया। लेकिन अचानक हुए इस हमले में हमारे जवान भी शहीद हो गए। यह मुठभेड़ करीब छह घंटे तक चली थी। वहीं पाकिस्तान की इस हरकत से सारे देश में शौक और गुस्से की लहर दौड़ गई। हर तरफ बस एक ही आवाज थी, बदला…
आतंकियों ने रची थी गहरी साजिश
आतंकी आकाओं ने बेहद गहरी साजिश के साथ हमला किया था। उन्होंने वक्त चुना था जब उरी कैंप से 10 डोगरा के जवान अपना कार्यकाल पूरा करके दूसरे मोर्चे पर जाने की तैयारी कर रहे थे और उनकी जगह 6 बिहार रेजीमेंट के जवान आ चुके थे। इस अदला-बदली के वक्त को ही हमले के लिए चुना गया था।
भारत के सब्र की परीक्षा ले चुका था पाक
ऐसे में पाकिस्तान, भारत के सब्र की परीक्षा ले चुका था। पूर्व विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज ने एक बार संयुक्त राष्ट्र संघ में कहा था- ”दुनिया में ऐसे देश हैं जो बोते भी हैं तो आतंकवाद, उगाते भी हैं तो आतंकवाद, बेचते भी हैं तो आतंकवाद और निर्यात भी करते हैं तो आतंकवाद, आतंकवादियों को पालना कुछ देशों का शौक बन गया है।”
पाकिस्तान को करारा जवाब देने का आ गया था समय
उनकी यह कहावत पाकिस्तान पर सटीक बैठती है। ऐसे में वक्त आ चुका था पाकिस्तान को करारा जवाब देने का। ऐसे में पीएम मोदी ने भी देशवासियों को आश्वस्त किया कि उरी सेक्टर में शहीद हुए बहादुर सैनिकों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाने दी जाएगी।
पीएम मोदी ने दिया था सर्जिकल स्ट्राइक का फाइनल डिसीजन
ऐसे में पीएम मोदी ने समुचित कार्रवाई के स्पष्ट आदेश दे दिए जिसमें यह तय किया गया कि पाकिस्तान चूंकि कायरता की सभी हदें पार कर चुका है इसलिए उसे जवाब भी सीमा पार करके दिया जाए। तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल (रिटायर्ड) दलबीर सिंह ने बताया कि सर्जिकल स्ट्राइक का फाइनल डिसीजन पीएम मोदी का था और यह बहुत ही बोल्ड डिसीजन था।
लेखक व सुरक्षा मामलों के जानकार नितिन गोखले इस संबंध में बताते हैं कि 23 सितंबर 2016 को मिलिट्री ऑपरेशन रूम में एक मीटिंग हुई थी जहां पीएम मोदी, एनएसए, डिफेंस मिनिस्टर, आर्मी चीफ, डायरेक्टर जनरल मिलिट्री को डीजीएमओ ने ऑपरेशंस ब्रीफ किया और फिर वह दिन आया जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की।
भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया था मुंह तोड़ जवाब
इस हमले के महज 10 दिन बाद भारत ने पाकिस्तानी सीमा में घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक कर बदला लिया। पाकिस्तान को सबक सिखाने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता था। इस ऑपरेशन में 150 कमांडोज की मदद से सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया गया। भारतीय जवानों ने 28-29 सितंबर की दरम्यानी रात को पीओके में सीमा के भीतर तीन किलोमीटर अंदर तक घुसकर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर डाला। इसमें बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर में तैनात अर्द्धसैनिक बलों की विभिन्न इकाइयों के कमांडों सहित भारतीय सेना ने सीमा पार कईं आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। ये सभी ठिकाने आतंकवादियों के लांच पैड थे जिसके माध्यम से जम्मू-कश्मीर में सेना और नागरिकों पर हमले करने के लिए आतंकवादियों की घुसपैठ होती थी। इस कार्रवाई के साथ भारत ने यह संदेश दिया था कि वह जरूरत पड़ने पर सीमा पार भी आतंकियों के लॉन्च पैड पर हमले कर सकता है।
सर्जिकल स्ट्राइक इसलिए साबित हुई अलग
भारत ने सीमा पार कमांडो हमले पहले भी किए थे लेकिन वे थोड़े से क्षेत्र में दुश्मनों की कुछ चौकियों तक ही सीमित रहते थे, लेकिन साल 2016 में की गई सर्जिकल स्ट्राइक इसलिए अलग साबित हुई क्योंकि इसमें भारतीय सेना ने करीब 200-250 किलोमीटर के आर्क में दुश्मन देश के भीतर जाकर अपनी कार्रवाई की। इस स्ट्राइक को पॉलिटिकल अथराइजेशन दिया गया। इसके अंतर्गत भारतीय सेना ने सात जगहों पर एक साथ अटैक किया। इसमें बहुत बड़ा रिस्क भी था। इसलिए हमले से पहले ठिकानों की पहचान की गई। इसमें आतंकियों के बीच बैठे भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों ने मदद की। उन्होंने सटीक ठिकानों और वहां मौजूद आतंकियों की जानकारी पहले से ही दे दी थी। इस सूचना के आधार पर टारगेट तय किए गए। टारगेट के रूप में पीर पंजाल पर्वत ऋंखला के दोनों और चार से पांच आतंकी कैंपों को चुना गया।
और फिर आया हमले का दिन
27 सितंबर आधीरात को तीन जगहों से जांबाज कमांडो की पांच टुकड़ियों ने नियंत्रण रेखा पार की। दुश्मन के ठिकाने जब नजरों के सामने थे तभी एक और बड़ा फैसला लिया गया। हमले को 24 घंटे के लिए रोक दिया गया, तय किया गया कि 24 घंटे दुश्मन की हरकत पर नजदीकी नजर रखी जाए। सभी कमांडो नाइट विजन उपकरणों से लैस थे। दुश्मन के गढ़ में जरा सी आहट से पूरी योजना बिखर सकती थी लेकिन किस्मत ने वीर बहादुरों का साथ दिया और भारतीय सैनिकों ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पाकिस्तान में दुश्मन के सभी कैंपों को नेस्तनाबूद कर भारतीय जवान सुरक्षित भारत वापस लौटकर आए। वाकयी यह वो दिन बना जब भारत ने पूरी दुनिया को यह मैसेज दिया कि वह अपने दुश्मन के घर में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। इसलिए यह दिन हमारे लिए बेहद खास है और हर देशवासी को इस गौरवपूर्ण दिवस को हमेशा याद रखना चाहिए।
देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम, घर-घर में विराजमान हो रहे गणपति
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आज 19 सितंबर 2023 को घर-घर में गणपति विराजमान हो रहे हैं। 10 दिवसीय गणेश उत्सव पर महाराष्ट्र में खास हर्षोल्लास का माहौल नजर आ रहा है। वहीं मुंबई स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में भक्तों का तांता लगा है। गणेश चतुर्थी महाराष्ट्र का एक प्रमुख पर्व है, जहां लोग इसे उल्लास के साथ मनाते हैं।
भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है गणेश चतुर्थी का त्योहार
हालांकि, गणेश चतुर्थी के त्योहार की धूम अब देशभर में देखने को मिलती है। यह त्योहार पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन ज्ञान, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है।
लोग अपने घर में मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमाएं करते हैं स्थापित
लोग अपने घर में मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करते हैं और 10 दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान उनकी पूजा करते हैं।
गणेश चतुर्थी मिलकर काम करने का देता है संदेश: राष्ट्रपति
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है कि गणेश चतुर्थी का त्योहार भगवान गणेश की जयंती के रूप में मनाया जाता है जो ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी उत्साह, और खुशी का त्योहार है जो मिलकर काम करने का संदेश देता है और जीवन में विनम्र रहने और समाज में सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने कामना की कि भगवान श्री गणेश लोगों के बाधाओं को दूर करने में मदद करेंगे ताकि प्रत्येक व्यक्ति विकसित राष्ट्र के निर्माण में भरपूर योगदान कर सके।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामानाएं
वहीं पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (x) पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, देशभर के मेरे परिवारजनों को गणेश चतुर्थी की मंगलकामनाएं। विघ्नहर्ता-विनायक की उपासना से जुड़ा यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में सौभाग्य, सफलता और संपन्नता लेकर आए। गणपति बाप्पा मोरया!
कर्नाटक के होयसला मंदिरों का समूह भी UNESCO की विरासत में शामिल, भारत में कुल 42 हेरिटेज साइट
शांति निकेतन के बाद अब कर्नाटक के होयसला मंदिरों के पवित्र समूहों को यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल कर लिया गया। दरअसल, बीते रविवार को ही पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन को यूनेस्को ने विरासत सूची में शामिल किया था। पिछले साल जनवरी में भारत ने यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची के लिए होयसला के पवित्र मंदिरों के समूहों को नामित किया था। इसी के साथ विश्व विरासत सूची में भारत के विरासत की संख्या बढ़कर 42 हो गई है।
12वीं -13वीं शताब्दी में निर्मित है होयसला
12वीं -13वीं शताब्दी में निर्मित और बेलूर, हैलेबिड और सोमनाथपुरा के तीन होयसला मंदिर का समूह है। होयसला कला एवं साहित्य के संरक्षक माने जाते होयसल राजवंश की यह राजधानी थी। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची को तय करने की 45वीं विश्व धरोहर समिति की बैठक रियाद, सऊदी अरब में आयोजित की जा रही है।
21 देशों की समिति ने लिया फैसला
होयसला के पवित्र मंदिरों के समूह को विश्व धरोहर के रूप में अपनाने का निर्णय 21 देशों की समिति द्वारा लिया गया, जिसमें अर्जेंटीना, बेल्जियम, बुल्गारिया, मिस्र, इथियोपिया, ग्रीस, भारत, इटली, जापान, माली, मेक्सिको, नाइजीरिया, ओमान, कतर, रूसी संघ, रवांडा, सेंट विंसेंट, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और जाम्बिया शामिल हैं। भारत वर्तमान में अपने चौथे कार्यकाल (2021-25) के लिए समिति का सदस्य है।
पूर्वजों की असाधारण शिल्प कौशल का प्रमाण
वहीं होयसला के पवित्र समूह में कर्नाटक के बेलूर, हलेबिड और सोमनाथपुरा के होयसला मंदिर शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया है। पीएम मोदी ने कहा, "भारत के लिए यह और भी गौरव की बात है! होयसल के शानदार पवित्र स्मारकों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। होयसल मंदिरों की शाश्वत सुंदरता और जटिल विवरण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हमारे पूर्वजों की असाधारण शिल्प कौशल का प्रमाण हैं।"
बता दें कि भारत के पास कुल मिलाकर 42 विश्व धरोहर हैं, जिसमें 34 सांस्कृतिक, 7 प्राकृतिक और 1 मिश्रित संपत्ति शामिल है। वर्तमान में विश्व में 42 विश्व धरोहर के साथ भारत का छठा स्थान है।
गणेश चतुर्थी के शुभ दिन नए संसद भवन में प्रवेश करेंगे सांसद
देश आज (मंगलवार) 19 सितंबर 2023 को बदलते दौर का साक्षी बनने जा रहा है। दरअसल, आज संसद के दोनों सदनों के नए भवन में स्थानांतरण का दिन है। नए संसद भवन में प्रवेश का यह शुभ कार्य गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर सम्पन्न होने जा रहा है।
नए भवन में दोपहर बाद बैठक
इसके पश्चात संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज से नए संसद भवन में शुरू होगी। संसद विशेष सत्र के दूसरे दिन आज लोकसभा की बैठक नए भवन में दोपहर बाद 1:15 पर होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2:15 पर शुरू होगी।
सेंट्रल हॉल में खींची जाएगी ग्रुप फोटो
लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य संयुक्त ग्रुप फोटो के लिए सुबह संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्र होंगे। इसके बाद, भारतीय संसद की समृद्ध विरासत को मनाने और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के लिए एक समारोह आयोजित किया जाएगा।
पुराना संसद भवन आने वाली पीढ़ियों को देता रहेगा प्रेरणा
संसद के दोनों सदनों के नए भवन में स्थानांतरित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह पुरानी संसद भवन को अलविदा कहने का बहुत ही भावुक पल है। उन्होंने कहा कि हम नए भवन में जा रहे हैं, लेकिन पुराना भवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा, क्योंकि यह भारतीय लोकतंत्र की यात्रा का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र ने इस संसद भवन के 75 वर्ष पुराने इतिहास में नए भारत की उत्पत्ति से जुड़ी अनगिनत घटनाएं देखी हैं।
सभी सदस्य नई ऊर्जा और उम्मीद के साथ नए संसद भवन में करेंगे प्रवेश
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आशा व्यक्त की है कि सभी सदस्य नई ऊर्जा और उम्मीद के साथ नए संसद भवन में प्रवेश करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय लोकतंत्र नए भवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वर्ष मई में नया संसद भवन राष्ट्र को समर्पित किया था।
केंद्र सरकार किसानों के लाभ के लिए कृषि-ऋण और फसल बीमा पैकेज शुरू करेगी
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आज मंगलवार को किसानों के लाभ के लिए कृषि-ऋण और फसल बीमा पर केंद्रित पहलों की एक श्रृंखला का उद्घाटन करेंगे। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत के कृषि क्षेत्र में क्रांति लाने के लिए इन पहलों की शुरुआत कर रहा है । इन पहलो का उद्देश्य वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, डेटा उपयोग को सुव्यवस्थित करना, प्रौद्योगिकी का उपयोग करना तथा कृषि समुदाय की आजीविका में वृद्धि करना है।
यह कार्यक्रम किसानों की आजीविका में सुधार लाने और कृषि परिवर्तन को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार और कुशल सेवा वितरण प्रदान करने में भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिसका उद्देश्य वस्तुनिष्ठ निगरानी और कुशल ऋण वितरण के लिए किसान ऋण पोर्टल (KRP), छूटे हुए किसानों को संस्थागत अल्पकालिक कृषि ऋण उपलब्ध कराने के लिए घर-घर केसीसी अभियान और कृषि और जलवायु/आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्यों के लिए हाइपर-स्थानीय मौसम डेटा संग्रह, प्रबंधन और उपयोग के लिए विंड्स मैनुअल जैसी पहल के माध्यम से किसानों की आय को बनाए रखना और दोगुना करना है। जानते है इस लांच के मुख्य आकर्षण क्या है।
किसान ऋण पोर्टल (KRP)
कृषि समुदाय की आजीविका को बढ़ाने किसान ऋण पोर्टल (KRP) को कई सरकारी विभागों के सहयोग से विकसित किया गया है और यह किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के अंतर्गत क्रेडिट सेवाओं तक पहुंच प्रदान करने में क्रांति लाने के लिए तैयार है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म किसान डेटा, ऋण वितरण की जानकारी, ब्याज सहायता और योजना की प्रगति पर एक व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है, जो ज्यादा केंद्रित एवं कुशल कृषि ऋण के लिए बैंकों के साथ निर्बाध एकीकरण को बढ़ावा देता है।
घर-घर केसीसी अभियान
पूरे भारत में सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना का लाभ प्रदान करने वाला एक महत्वाकांक्षी अभियान "घर घर केसीसी अभियान" की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य सार्वभौमिक वित्तीय समावेशन प्राप्त करने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक किसान को ऋण सुविधाओं तक निर्बाध पहुंच प्राप्त हो जिससे उनके कृषि कार्य बिना किसी रूकावट के संचालित हो सकें।
विंड्स मैनुअल का होगा शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान विंड्स मैनुअल का अनावरण किया जाएगा, जो की मौसम सूचना नेटवर्क डेटा सिस्टम (विंड्स) पहल के प्रभाव को बढ़ाता है।
डब्ल्यूआईएनडीएस (WINDS Manual), एक इंस्ट्रुमेंटल इनोवेशन है, जो हितधारकों को अच्छी तरह से सूचित विकल्प चुनने के लिए, मौसम पर कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि प्रदान करने के लिए उन्नत मौसम डेटा विश्लेषण का लाभ उठाने की सुविधा देता है। विंड्स प्लेटफॉर्म की स्थापना और एकीकरण के लिए राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा की जाने वाली प्रक्रियाओं को समझने, पारदर्शी और उद्देश्यपूर्ण डेटा अवलोकन तथा प्रेषण को बनाए रखता है और बेहतर फसल प्रबंधन, संसाधन आवंटन और जोखिम शमन के लिए मौसम डेटा का लाभ उठाने में व्यावहारिक अंतर्दृष्टि प्रदान करने के लिए एक गाइड के रूप में कार्य करता है।
फसल बीमा योजना
यह बीमा उद्योग द्वारा चलाए जा रहे फसल जोखिम न्यूनीकरण और आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा शमन के लिए गैर-योजना पैरामीट्रिक बीमा कार्यक्रमों के अलावा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की पैरामीट्रिक फसल बीमा योजना को भी पूरा करता है।
इस इवेंट के आयोजन से किसानों की समृद्धि के लिए भारत सरकार के समर्पण और नवाचार, प्रौद्योगिकी का समावेश और उन्हें कुशल सेवाएं प्रदान करने में निष्पक्षता सुनिश्चित होगी। यह कोशिश और नवाचार पूरे देश के कृषक समुदाय के लिए कृषि परिवर्तन और सतत आर्थिक विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायता प्रदान करेंगे।
Asia Cup 2023: टीम इंडिया के जीत के हीरो रहे सिराज के साथ भारत ने बनाएं कई रिकॉर्ड
एशिया कप 20223 का फाइनल मुकाबला कई मायने में ऐतिहासिक बन गया। जहां भारतीय टीम ने खिताब अपने नाम किया वहीं श्रीलंका की टीम भारत के खिलाफ 15.2 ओवर में महज 50 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ये स्कोर किसी भी टूर्नामेंट फाइनल का सबसे छोटा स्कोर है और फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से हरा दिया। भारत की इस जीत का पूरा श्रेय गेंदबाजों को गया।
दरअसल, भारतीय टीम को एशिया कप 2023 की टॉफी जीतने के लिए मात्र 51 रन बनाने थे। भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट खोए मात्र 6.1 ओवर में ही 51 रन बनाकर 10 विकेट से जीत हासिल कर ली। फाइनल में भारतीय टीम की जीत के हीरो तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज रहे, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करके 6 विकेट झटके। इस कारण श्रीलंका की टीम मात्र 50 रन पर ही ऑलआउट हो गई।
बुमराह ने की शुरुआत सिराज ने बना दिया रिकॉर्ड
रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत काफी खराब रही। पहले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका को झटका दिया। बुमराह ने ओवर की तीसरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा को चलता किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद दूसरे छोर से मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी का कहर बरपाया। उन्होंने एक ही ओवर में चार विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। उन्होंने चौथे ओवर में पथुम निसांका (2), सदीरा समरविक्रमा (0), चरिथ असलंका (0) और धनंजय डिसिल्वा (4) का विकेट लिया। सिराज यहीं नहीं रूके। उन्होंने अपने अगले ओवर में कप्तान दासुन शनाका (0) को क्लीन बोल्ड कर पहली बार एक वनडे में पांच विकेट झटके।
हार्दिक पांड्या ने लिए 3 विकेट
इसके बाद भी श्रीलंका के विकेट गिरते रहे। श्रीलंका का 33 के स्कोर पर सातवां विकेट गिरा। सिराज ने कुसल मेंडिस को क्लीन बोल्ड किया। वह 17 रन बना सके। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने दुनिथ वेलालगे (8), प्रमोद मदुशन (1) और मथीशा पथिराना (0) को आउट कर श्रीलंकाई टीम को 15.2 ओवर में 50 रन पर ही समेट दिया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट, हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट अपने नाम किया।
भारत ने 10 विकेट से जीती ट्रॉफी
अब भारतीय टीम को एशिया कप जीतने के लिए मात्र 51 रन बनाने थे। बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल और ईशान किशन ने बिना विकेट गवाएं 6.1 ओर में ही इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। ईशान 23 रन और गिल 27 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह भारत ने आसानी से एशिया कप 2023 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
आठवीं बार जीती एशिया कप ट्रॉफी
इसी के साथ भारतीय टीम ने एशिया कप पर आठवीं बार कब्जा जमाया है। भारतीय टीम इससे पहले 1984, 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016, 2018 में एशिया कप की ट्रॉफी जीत चुकी है। 2023 का एशिया कप जीतने के साथ भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 8 बार इस टूर्नामेंट को अपने नाम कर लिया है। भारत के बाद श्रीलंका ने 6 बार एशिया कप का खिताब जीता है।
राशि ग्राउंड स्टाफ को दी
वहीं जीत के हीरो रहे सिराज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सिराज ने फाइनल मैच में प्राप्त अपने प्लेयर-ऑफ-द-मैच पुरस्कार राशि को मैदानकर्मियों को दान कर दिया। बता दें कि एशिया कप में श्रीलंका चरण के मैचों में लगातार बारिश हो रही थी, और पल्लेकेले और कोलंबो में मैदानकर्मियों ने अपने भरकस प्रयास से लगातार यह कोशिश की कि मैच खेला जा सके। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टूर्नामेंट में अलग-अलग समय पर मैदानकर्मियों को उनके काम के लिए धन्यवाद दिया।
एशिया कप फाइनल में बने अन्य रिकॉर्ड
--सिराज एक ओवर में 4 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने
--एशिया कप फाइनल में सबसे छोटा स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम
--भारत के खिलाफ श्रीलंका का सबसे छोटा स्कोर
--वनडे फाइनल में दूसरी बार 10 विकेट से जीता भारत
--भारत ने 10वीं बार 10 विकेट से जी कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की
#currentaffairs
#genearalknowledge
#todaygk
#dailyoneliners

